“पटाखे सड़क पर नहीं, अब रोड रोलर के नीचे फूटे… पुलिस ने निकाला शोर का दम!”
शोर का खेल खत्म… ‘पटाखा’ साइलेंसरों पर चला रोड रोलर, सड़क पर ही मिली सजा!

54 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त, ढाई लाख की ‘दहाड़’ कुछ ही मिनटों में हो गई खामोश
चर्चा न्यूज़/खंडवा

खंडवा शहर की सड़कों पर तेज धमाकों से रौब झाड़ने वालों को सोमवार को ऐसा संदेश मिला, जिसे देखकर हर वाहन चालक समझ गया कि कानून की आवाज सबसे ऊंची होती है। खंडवा यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 54 अवैध मॉडिफाइड (पटाखा) साइलेंसर जब्त किए और नगर निगम कार्यालय के सामने उन्हें सड़क पर बिछाकर रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया। करीब ढाई लाख रुपये कीमत के इन साइलेंसरों की ‘दहाड़’ कुछ ही मिनटों में हमेशा के लिए खामोश हो गई।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। सड़क पर एक-एक कर रखे गए मॉडिफाइड साइलेंसरों पर जैसे ही रोड रोलर चला, लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि अब तेज आवाज निकालकर दूसरों को परेशान करने वालों के लिए यह साफ चेतावनी है।
यातायात पुलिस के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली तेज आवाज केवल शौक नहीं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण का बड़ा कारण है। इससे बुजुर्गों, मरीजों, छोटे बच्चों और आम नागरिकों को परेशानी होती है। कई बार अचानक होने वाले तेज धमाकों से वाहन चालक घबरा जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए शहर में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
डीएसपी ट्रैफिक अनिल राय ने बताया कि अभियान के दौरान 54 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए थे, जिन्हें नियमानुसार रोड रोलर से नष्ट कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी बुलेट या अन्य वाहन में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर अथवा प्रेशर हॉर्न का उपयोग करते हुए पाया गया, तो संबंधित वाहन चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ साइलेंसर भी जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया जाएगा।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और ऐसे उपकरणों का उपयोग न करें, जिनसे दूसरों को परेशानी हो। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर की सड़कों पर शोर नहीं, बल्कि सुरक्षित और अनुशासित यातायात सुनाई दे।
बाइट – अनिल राय, डीएसपी ट्रैफिक, खंडवा।















