खंडवा की ऐतिहासिक धरोहर पर अतिक्रमण की कोशिश, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
किशोर कुमार गांगुली हाउस में दीवार तोड़ दुकान बढ़ाने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बढ़ाया जा रहा निर्माण
खंडवा/चर्चा न्यूज़
( सुशील विधाणी)
खंडवा शहर की पहचान और देशभर में अपनी अलग पहचान रखने वाले स्वर्गीय गायक Kishore Kumar के पैतृक गांगुली हाउस परिसर में कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। शहर के मध्य स्थित इस ऐतिहासिक परिसर में संचालित एक दुकान द्वारा पीछे की दीवार तोड़कर अतिरिक्त जगह कब्जाने और दुकान का विस्तार करने के आरोपों ने पूरे शहर में चर्चा का विषय बना दिया।
जानकारी के अनुसार गांगुली हाउस परिसर में “बाबा अंडे वाला” नाम से संचालित दुकान के संचालक द्वारा दुकान की पिछली दीवार तोड़कर बंगले की ओर अतिरिक्त स्थान पर निर्माण कार्य किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से दुकान को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन हाल ही में दीवार तोड़कर बड़े स्तर पर जगह घेरने की गतिविधि शुरू होने के बाद मामला खुलकर सामने आया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद शहरवासियों में नाराजगी देखी गई और लोगों ने इसे शहर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर पर कब्जे की कोशिश बताया। सोशल मीडिया पर लगातार प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठने लगी। इसके बाद सांसद, विधायक प्रतिनिधियों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया।
बताया जा रहा है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर से चर्चा कर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने कलेक्टर से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
बुधवार सुबह प्रशासनिक अमला नगर निगम एवं उड़नदस्ता टीम के साथ किशोर कुमार गांगुली हाउस परिसर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान मौके का निरीक्षण किया गया और कथित रूप से अतिक्रमण एवं निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री को जब्त किया गया। नगर निगम की टीम ने परिसर में किए गए निर्माण की जांच करते हुए संबंधित पक्ष से अनुमति एवं दस्तावेजों की जानकारी भी ली।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो शहर की इस ऐतिहासिक धरोहर पर धीरे-धीरे स्थायी कब्जे की स्थिति बन सकती थी। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति शहर की ऐतिहासिक संपत्तियों पर अतिक्रमण करने का साहस न कर सके।
शहरवासियों का यह भी कहना है कि खंडवा केवल एक शहर नहीं बल्कि महान गायक किशोर कुमार की यादों का केंद्र है। देशभर से आने वाले लोग गांगुली हाउस को देखने पहुंचते हैं। ऐसे में इस परिसर की सुरक्षा और संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होना चाहिए।

फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी होने की बात कही जा रही है। वहीं कार्रवाई के बाद अब शहर में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या ऐतिहासिक स्थलों पर हो रहे अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन आगे भी इसी तरह सख्ती दिखाएगा या नहीं।
खबर वही जो चर्चा बने चर्चा न्यूज़………………















