खंडवा में बदली पुलिसिंग की तस्वीर
रात में पैदल गश्त, दिन में सख्त मॉनिटरिंग — एक्शन में एसपी अगम जैन

सख्त निगरानी, तेज कार्रवाई और जमीनी सक्रियता से एक्शन मोड में एसपी अगम जैन

“जो जिले को फाइलों से नहीं, मैदान में उतरकर समझता है, वही कानून व्यवस्था की असली तस्वीर बदलता है।”

खंडवा/चर्चा न्यूज़
( सुशील विधाणी)
“खंडवा की हर हलचल पर पैनी नजर, संवेदनशील इलाकों की स्कैनिंग और अपराध पर सख्ती अब नई पुलिसिंग का संकेत बनती दिख रही है।”
खंडवा। हमेशा किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहने वाला खंडवा जिला अब पुलिसिंग के नए अंदाज को लेकर चर्चा में है। जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक अगम जैन के पदभार संभालते ही पुलिस विभाग की कार्यशैली में तेजी, अनुशासन और जमीनी सक्रियता साफ दिखाई देने लगी है। अपने पुराने अनुभव, तकनीकी समझ और मजबूत सोशल नेटवर्किंग सिस्टम के माध्यम से वे जिले की गतिविधियों को गहराई से स्कैन करते हुए नजर आ रहे हैं।

पदभार संभालने के साथ ही एसपी अगम जैन ने जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों का निरीक्षण प्रारंभ कर दिया। उन्होंने केवल कार्यालयीन समीक्षा तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा और थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। खासकर उन संवेदनशील और सुनसान क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जहां संदिग्ध गतिविधियों की संभावना बनी रहती है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक अगम जैन जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। वे आधुनिक स्कैनिंग सोच, फील्ड इंटेलिजेंस और सोशल नेटवर्क सिस्टम के माध्यम से अपराध के पैटर्न को समझने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस विभाग में यह चर्चा है कि वे पहले ही जिले के कई संवेदनशील बिंदुओं को चिन्हित कर चुके हैं और अपराध नियंत्रण की रणनीति उसी आधार पर तैयार की जा रही है।
रात्रि के समय उनका पैदल भ्रमण भी चर्चा का विषय बना हुआ है। देर रात वे स्वयं संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। इससे पुलिस कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ी है, वहीं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में बेचैनी का माहौल दिखाई देने लगा है।
एसपी अगम जैन ने डायल-100 और 112 वाहनों की व्यवस्थाओं को भी गंभीरता से लिया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि हर वाहन में आवश्यक संसाधन पूरी तरह उपलब्ध रहें और संबंधित स्टाफ को यह जानकारी हो कि आवश्यकता पड़ने पर किस उपकरण का उपयोग कैसे किया जाना है। इसके लिए थाना स्तर पर प्रशिक्षण और मॉनिटरिंग भी शुरू कर दी गई है।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बैरिकेड लगाकर व्यवस्थित रूप से वाहन चेकिंग की जा रही है। हेलमेट नहीं पहनने, ड्रिंक एंड ड्राइव और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लंबे समय से लंबित मामलों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अगम जैन की कार्यशैली को देखकर यह माना जा रहा है कि वे केवल औपचारिक पुलिसिंग तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि खंडवा में कानून व्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी में हैं। उनकी सक्रियता यह संकेत दे रही है कि आने वाले समय में जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग के क्षेत्र में कई नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
खबर वही जो चर्चा बने चर्चा न्यूज़………..















