चेटीचंड पर सिंधी समाज की ऐतिहासिक वाहन रैली, शहर में उमड़ा आस्था और उत्साहपुष्पवर्षा, प्रसादी वितरण और आतिशबाजी से गूंजा नगर, दिखी सामाजिक एकता

खंडवा/
चेटीचंड महोत्सव के पावन अवसर पर सिंधी समाज द्वारा नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक वाहन रैली का आयोजन किया गया। श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल एवं श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली की शुरुआत सिंधी कॉलोनी स्थित प्राचीन श्री झूलेलाल मंदिर से हुई, जिसमें समाजजनों का उत्साह देखते ही बनता था।
रैली में युवाओं के साथ-साथ मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। पदम नगर से भी बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए, जिन्होंने एकता और सांस्कृतिक समरसता का परिचय दिया। सभी प्रतिभागी भगवा ध्वज हाथों में लिए एवं पारंपरिक परिधान में “जय झूलेलाल” के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों—तीरथधाम, मोधट रोड, शिवाजी चौक, नगर निगम, एमजी रोड, घंटाघर, बाम्बे बाजार, बुधवारा बाजार, दूध गली, रेलवे स्टेशन, फुल गली एवं जलेबी चौक—से होते हुए पुनः झूलेलाल मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया तथा प्रसादी का वितरण भी किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
पर्व की पूर्व संध्या पर रात्रि 12 बजे समाजजनों ने अपने घरों एवं मंदिर परिसर से रंग-बिरंगी आतिशबाजी कर आकाश को रोशन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पैनल सचिव रजत मंगवानी एवं प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि सिंधी समाज अपने इष्ट देव भगवान झूलेलाल जी का जन्मोत्सव हर वर्ष चेटीचंड के रूप में अत्यंत श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाता है।
इस अवसर पर सिंधी पंचायत अध्यक्ष मेठाराम पिंजानी, मंडल अध्यक्ष मोहन दीवान सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।















