मुख्य बाजार में महापौर अमृत अमर यादव ने किया स्वदेशी पत्रक का वितरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी आह्वान को मिला जनसमर्थन
स्वदेशी जागरण मंच व कैट का संयुक्त आयोजन | पार्वती बाई धर्मशाला से नगर निगम तक निकली स्वदेशी संकल्प यात्रा
खंडवा
स्वदेशी जागरण मंच खंडवा और कैट (CAIT) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित स्वदेशी संकल्प रथ यात्रा की शुरुआत शहर की ऐतिहासिक पार्वती बाई धर्मशाला से हुई।
इस रथ यात्रा का संपूर्ण संयोजन रथ यात्रा प्रभारी एवं प्रदेश सचिव कैट संतोष सराफ ने किया, जबकि यात्रा का नेतृत्व स्वदेशी जागरण मंच खंडवा के जिला संयोजक प्रवीण शर्मा द्वारा किया गया।
यात्रा जब शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी तो जगह-जगह नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों द्वारा रथ यात्रा का फूलों से भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ के राष्ट्रीय आह्वान को जन-जन तक पहुँचाना रहा। यात्रा का समापन नगर निगम खंडवा में विशेष कार्यक्रम के साथ हुआ।

मुख्य बाजार में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में महापौर अमृत अमर यादव ने स्वदेशी पत्रक का वितरण कर कहा—
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी आह्वान को खंडवा में अद्भुत जनसमर्थन मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों का उपयोग देश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करने का सबसे बड़ा माध्यम है।”
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच खंडवा के निश्चित जैन, एन. के. सोनी, आशीष पटेल, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से ब्लॉक कॉर्डिनेटर राजकुमार मालाकार, सोनरिश दिलावर, राहुल राठवे, मूलचंद, हेमराज पटेल, भारत-तिब्बत सहयोग मंच से मोना दफ़्तरी, वेदप्रकाश मालाकार, भारतीय जनता पार्टी से सुधांशु जैन, आशीष राजपूत, जीवन डिंडोरे तथा नगर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
नगर निगम तिराहे पर आयोजित समापन समारोह में स्वावलंबी भारत अभियान की जिला महिला समन्वयक हर्षा शर्मा ने उपस्थित नागरिकों को स्वदेशी संकल्प की शपथ दिलाई। लोगों ने प्रतिज्ञा ली कि वे भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देंगे, स्थानीय उद्योगों का समर्थन करेंगे और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
रथ यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, व्यापारी, महिलाएँ, युवा और सामाजिक संगठन शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि स्वदेशी जागरूकता का यह अभियान जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा।














