अनाथ-परित्यक्त बच्चों की सेवा को सम्मान
श्रीमती दीपमाला विधाणी सम्मानित

खंडवा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में किलकारी शिशु गृह की संचालिका दीपमाला विधाणी को अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों की सेवा, देखभाल तथा संस्था के उत्कृष्ट संचालन के लिए सम्मानित किया गया। निमाड़ क्षेत्र में विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण के रूप में संस्था द्वारा किए जा रहे निरंतर सेवा कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
दीपमाला विधाणी द्वारा स्वयं के वित्तीय साधनों से अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों के पालन-पोषण, देखभाल और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। किलकारी शिशु गृह के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी जरूरतों और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
मंच से हुआ सम्मान, सेवा कार्यों की हुई सराहना
स्वतंत्रता दिवस समारोह में आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह ने दीपमाला विधाणी को सम्मानित किया। यह सम्मान खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की अनुशंसा पर प्रदान किया गया। मंच से उनके द्वारा बच्चों के हित में किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना की गई।
सम्मान मिलने के बाद किलकारी शिशु गृह से जुड़े लोगों, शुभचिंतकों और सहयोगियों में हर्ष का माहौल रहा। संस्था ने कहा कि यह सम्मान केवल संचालिका का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के प्रयासों का सम्मान है जो अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों को बेहतर जीवन देने के संकल्प के साथ जुड़े हुए हैं।
सम्मान बना नई ऊर्जा और जिम्मेदारी की प्रेरणा
किलकारी शिशु गृह ने सम्मान के लिए आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह एवं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था को बच्चों की सेवा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। संस्था का प्रयास रहेगा कि निमाड़ क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षा, संरक्षण और बेहतर भविष्य की दिशा में लगातार सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहें।
















