महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त अभियान, एक्शन मोड में महिला थाना प्रभारी सुलोचना गहलोत
एसपी अगम जैन के निर्देशन में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू, स्कूलों से जागरूकता और विश्वास का संदेश

चर्चा न्यूज़ विशेष
सुशील विधानी
खण्डवा। जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक सुलोचना गहलोत के नेतृत्व में गठित निर्भया टीम ने विशेष सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, अपराधों की रोकथाम करना तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, स्टॉकिंग और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

अभियान के तहत निर्भया टीम ने जिले के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। टीम ने स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली समस्याओं, मनचलों द्वारा पीछा करने, जबरन बातचीत करने के प्रयास, विद्यालयों के आसपास असामाजिक तत्वों की मौजूदगी, नशीले पदार्थों की बिक्री तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। छात्राओं से खुलकर अपनी बात रखने का आग्रह किया गया, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
महिला थाना प्रभारी सुलोचना गहलोत ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी ओर से दी गई प्रत्येक सूचना पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, साइबर उत्पीड़न, धमकी या असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी डर या संकोच के सीधे महिला थाना या पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का विरोध करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना खण्डवा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निर्भया टीम नियमित रूप से स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण करेगी। प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत एवं गोपनीय सूचना पर त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
खण्डवा पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और आमजन की साझी भागीदारी से ही सुरक्षित, जागरूक और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।













