खंडवा में बवाल: मोघट थाने में पथराव, 22 नामजद पर एफआईआर; 3 आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

सोशल मीडिया पोस्ट विवाद: थाने में हंगामा, 3 आरोपी जेल
खंडवा, 6 मार्च।
शहर के मोघट थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर गुरुवार शाम अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। इंस्टाग्राम पर वायरल पोस्ट को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए बड़ी संख्या में लोग मोघट थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद थाना परिसर में मौजूद भीड़ ने नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते कुछ लोगों ने आक्रोश में आकर थाना परिसर और सड़क से पथराव शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर हालात पर काबू पा लिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पथराव करने वाले 22 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरियादी मुजाहिद कुरैशी इंस्टाग्राम पर वायरल एक पोस्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने मोघट थाना पहुंचे थे। शिकायत में बताया गया कि सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत अपराध क्रमांक 63/26 दर्ज किया और संबंधित व्यक्ति को राउंड-अप कर लिया।
इसी दौरान शिकायतकर्ता के समर्थन में 30-40 लोग और थाना परिसर में पहुंच गए। भीड़ ने नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि कुछ लोग “आरोपी को अभी पकड़ो, उसका घर तोड़ो और उसे फांसी दो” जैसे नारे लगाने लगे। थाना प्रभारी ने उन्हें समझाते हुए आश्वस्त किया कि आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जा रही है, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई।

कुछ ही देर में माहौल और गर्म हो गया और भीड़ के कुछ लोगों ने सड़क से थाना परिसर की ओर अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस के शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न की गई और पुलिस बल को चोटें भी आईं। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने संयम बरतते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से हटाया और हालात को नियंत्रित किया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर, सिटी एसपी अभिनव कुमार बारंगे सहित कोतवाली और पदमनगर थाना का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस की मुस्तैदी के चलते किसी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया और क्षेत्र में शांति बहाल कर दी गई।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर और नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार बारंगे के मार्गदर्शन में खंडवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथराव और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में 22 नामजद आरोपियों एवं अन्य लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 125, 126(2), 132, 190 और 190(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुजाहिद कुरैशी पिता रऊफ अहमद कुरैशी, अजहर खान पिता इरशाद और मुदस्सर पिता शेख नईम निवासी खंडवा शामिल हैं। तीनों आरोपियों को खंडवा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल खंडवा भेज दिया गया।
एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर संबंधित व्यक्ति को राउंड-अप किया गया था। इसके बाद कुछ लोगों की भीड़ थाना परिसर में पहुंच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया था। पुलिस ने संयम बरतते हुए समझाइश और हल्के बल प्रयोग से स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर किसी भी प्रकार की अफवाहों या सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें। यदि कहीं भी कोई आपत्तिजनक पोस्ट या भ्रामक संदेश सामने आता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कानूनी कार्रवाई कर स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सके।
बाइट – महेंद्र तारनेकर, एडिशनल एसपी, खंडवा
“सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर संबंधित व्यक्ति को राउंड-अप किया गया। बाद में कुछ लोग थाना परिसर पहुंचकर हंगामा करने लगे थे। पुलिस ने संयम और हल्के बल प्रयोग से स्थिति को नियंत्रित किया है। पथराव करने वाले 22 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।”















