कोर्ट के निर्देश पर तय तारीख से पहले भावुक हुए मंत्री विजय शाह, वीडियो जारी कर फिर मांगी माफी

खंडवा/भोपाल।चल रही है चर्चा…….
आदिम जाति कल्याण मंत्री डॉ. विजय शाह ने एक बार फिर सार्वजनिक रूप से अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए वीडियो संदेश जारी किया है। यह वीडियो सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद तय की गई तारीख पर मामले की सुनवाई से ठीक पहले सामने आया है, जिसके चलते इसकी राजनीतिक और कानूनी दोनों दृष्टि से अहमियत बढ़ गई है।
मीडिया के माध्यम से जारी इस वीडियो में मंत्री विजय शाह ने विगत दिनों दिए गए अपने विवादित बयान को लेकर पुनः सफाई पेश की और हृदय से क्षमा याचना की। मंत्री शाह ने कहा कि “सेना और देश के प्रति मेरी भावना सदैव जागृत रही है। देश से जुड़े भावनात्मक विषय पर बोलते समय मेरे द्वारा कहे गए शब्द एक त्रुटि थे, जिससे मुझे अत्यंत मानसिक पीड़ा पहुंची है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं हृदय की गहराइयों से सैन्य महिला अधिकारी, भारतीय सेना और देश की जनता से क्षमा मांगता हूं। इस घटना के बाद मेरा मन लगातार विचलित रहा है। सार्वजनिक पद पर रहते हुए शब्दों की मर्यादा कितनी आवश्यक है, इसका मुझे गहराई से एहसास हुआ है और आगे से अपनी वाणी पर पूर्ण नियंत्रण रखने का संकल्प लेता हूं।”
गौरतलब है कि इस पूरे मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एक निश्चित तारीख तय की गई है, जिस पर मंत्री विजय शाह के बयान से जुड़े प्रकरण की सुनवाई होनी है। उसी तारीख से पूर्व मंत्री द्वारा यह वीडियो जारी किया जाना राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम कानूनी प्रक्रिया शुरू होने से पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करने और जनभावनाओं को शांत करने का प्रयास हो सकता है, वहीं विपक्ष इसे केवल दबाव में दी गई माफी करार दे रहा है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार होने वाली सुनवाई और आने वाले फैसले के बाद यह मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है। फिलहाल, मंत्री विजय शाह की माफी और वीडियो बयान प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
चल रही है चर्चा..….















