खंडवा सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों का भव्य सम्मान
चारूलता मंगल यादव प्रदेश मंत्री बनने पर जिले में हर्ष, नियुक्तियों को बताया खंडवा का गौरव

खंडवा/चर्चा न्यूज़ विशेष
(सुशील विधाणी)
भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के अंतर्गत खंडवा जिले से विभिन्न पदों पर नियुक्ति प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों के सम्मान में आज सर्किट हाउस, खंडवा में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा की विशेष उपस्थिति रही, जिनके मार्गदर्शन में सभी नवदायित्वधारी पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

हाल ही में भाजपा महिला मोर्चा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर चारूलता मंगल यादव को प्रदेश मंत्री बनाए जाने से खंडवा जिले में उत्साह का वातावरण है। उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और लंबे समय से किए जा रहे कार्यों का यह परिणाम माना जा रहा है। महिला कार्यकर्ताओं सहित समूचे संगठन में इस नियुक्ति को लेकर विशेष खुशी देखी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान चारूलता मंगल यादव (प्रदेश मंत्री, महिला मोर्चा), दशरथ कलमे (प्रदेश उपाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा), कपिल अंजने (प्रदेश आईटी संयोजक, अनुसूचित जाति मोर्चा), हर्षा ठाकुर (प्रदेश मीडिया प्रभारी, महिला मोर्चा), निलेश कौशल (प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी, पिछड़ा मोर्चा) एवं धर्मेंद्र दांगोड़े (जिलाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा) का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

इस अवसर पर लोकप्रिय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन ने योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे पार्टी को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। वहीं खंडवा जिला मंत्री धर्मेंद्र बाजार ने प्रदेश स्तर पर हुई इन नियुक्तियों को खंडवा का गौरव बताते हुए हर्ष व्यक्त किया और कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
साथ ही खंडवा विधायक एवं महापौर द्वारा भी इन नियुक्तियों पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि जिले से इतने कार्यकर्ताओं का प्रदेश स्तर पर चयन होना यह दर्शाता है कि खंडवा संगठनात्मक रूप से सशक्त हो रहा है और यहां के कार्यकर्ताओं की मेहनत को पहचान मिल रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सभी नवदायित्वधारी नेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सभी के नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा प्रदेश में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, सम्मान और संगठनात्मक एकता का विशेष वातावरण देखने को मिला, जिसने खंडवा जिले में राजनीतिक सक्रियता और कार्यकर्ताओं के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान की।















