न्यायिक व्यवस्थाओं में बढ़ता मान, गुणवत्ता की नई उड़ान
आईएसओ 9001 एवं 14001 प्रमाणन से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा बना उत्कृष्ट प्रशासन का प्रतीक


खंडवा, चर्चा
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आईएसओ 9001 (क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम) एवं आईएसओ 14001 (एनवायरमेंटल मैनेजमेंट सिस्टम) का अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त किया है। यह सम्मान न्यायिक व्यवस्थाओं में बढ़ते मान, पारदर्शिता और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण माना जा रहा है।
नई दिल्ली से आए आईएसओ प्रतिनिधि द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खंडवा, श्रीमती ममता जैन को औपचारिक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस उपलब्धि ने न्यायिक प्रशासन की कार्यप्रणाली को नई पहचान दी है और जिले को गुणवत्ता आधारित प्रबंधन के क्षेत्र में अग्रणी बनाया है।

समारोह के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, बैसाखी एवं वॉकिंग स्टिक वितरित कर सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया। श्रीमती ममता जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि न्याय केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही सच्ची न्याय सेवा है। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरी टीम के समर्पण, अनुशासन और जनहितकारी सोच का परिणाम बताया।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, जिला रजिस्ट्रार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पैरालीगल वालंटियर्स एवं न्यायालयीन कर्मचारियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा को मिला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान अब जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है—न्यायिक व्यवस्थाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर चल रही है चर्चा।















