कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी का पुतला दहन, राष्ट्र से माफी की मांग तेज

खंडवा। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में शनिवार शाम खंडवा में भाजपा युवा मोर्चा के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। केवलराम पेट्रोल पंप तिराहा से शुरू हुआ विरोध मार्च गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान “राहुल गांधी मुर्दाबाद”, “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” और “देश का अपमान नहीं सहेंगे” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर धूमिल करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज, महापौर अमृता अमर यादव, युवा मोर्चा के जिला महामंत्री पुनीत चौरसिया सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
‘भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा से बौखलाई कांग्रेस’ — तोमर
जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीकी नवाचार, डिजिटल विकास और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, वैश्विक मल्टीनेशनल कंपनियों के सीईओ और अनेक राष्ट्राध्यक्षों की भागीदारी भारत की बढ़ती साख का प्रमाण है।

तोमर ने आरोप लगाया कि जब पूरा विश्व भारत की नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सराहना कर रहा है, उसी समय कांग्रेस और उसके समर्थक ऐसे कृत्यों से देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस की “राजनीतिक हताशा और अपरिपक्वता” को दर्शाता है।
‘विरोध की आड़ में राष्ट्र का अपमान’ — महापौर
महापौर अमृता अमर यादव ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन किसी अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान ऐसा आचरण करना जिससे देश की छवि प्रभावित हो, दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा का विरोध करते-करते अब देश के सम्मान को भी आहत करने लगी है।
उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जिला महामंत्री धर्मेंद्र बजाज और युवा मोर्चा के महामंत्री पुनीत चौरसिया ने कहा कि एआई समिट भारत के लिए गर्व का विषय है और इससे देश की वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर बार ऐसे अवसरों पर नकारात्मक राजनीति करती है।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे और जनता को कांग्रेस की “दोहरे चरित्र वाली राजनीति” से अवगत कराया जाएगा।
प्रदर्शन में सेवादास पटेल, गणेश गुरबाणी, सुधांशु जैन, प्रदीप यादव, हरीश सेन, दिनेश पालीवाल, सागर आरतानी, रोहित मिश्रा, भरत पटेल, विक्की बावरे, सोमनाथ काले, रामगोपाल शर्मा, शेखर वर्मा, दीपू राठौर, विजय महाजन, अनिमेष जोशी, प्रथमेश यादव, राहुल मुंडवाल, प्रांजल मोरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।















