सिविल अस्पताल जौरा के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) डॉ. आर.एस. सेमिल द्वारा 12 दिसम्बर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमावली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दोपहर 12 बजे के उपरांत भी डॉ. प्रबल यादव, डॉ. अक्षत गुप्ता एवं डॉ. अभिषेक कुमार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे। उनके अवकाश से संबंधित कोई दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाया गया।
कौन कर्मचारी रहे अनुपस्थित
इसी प्रकार ग्रुप डी कर्मचारी—संदीप निगम, रवि प्रताप, सचिन आदिवासी एवं राजीव गर्ग—भी कार्यस्थल से अनुपस्थित मिले। उपस्थिति पंजी के अवलोकन में यह भी सामने आया कि सूची अनुसार पीएचसी सुमावली में कार्य करने हेतु नियोजित ग्रुप डी कर्मचारी—अवधेश शाक्य, भगवानदास बाल्मीकि, राधे, मनोज कुमार शाक्य तथा रामसेवक बघेल—ने आज दिनांक तक अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है।
डॉक्टरों एवं ग्रुप डी कर्मचारियों को जारी हुआ कारण बताओ सूचना पत्र
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए सभी डॉक्टरों एवं ग्रुप डी कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाएगा तथा नो वर्क, नो पेमेंट के सिद्धांत के आधार पर उनकी अनुपस्थिति अवधि का वेतन आहरित न किए जाने की कार्यवाही भी की जाएगी।
















