विधानसभा में गूंजा मांग: “खंडवा में स्थापित हो पुलिस बटालियन”
खंडवा
मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे ने जिले की सुरक्षा और प्रशासनिक मजबूती से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को जोरदार तरीके से सदन में उठाया। जिले में पुलिस बटालियन स्थापना की मांग लंबे समय से लंबित है, जिसे एक बार फिर विधायक तनवे ने प्राथमिकता के साथ रखा।
विधायक तनवे ने कहा कि —
“खंडवा पूर्व में सिमी नेटवर्क से प्रभावित क्षेत्र रहा है और आज भी संवेदनशील श्रेणी में आता है। यहां कोई भी त्योहार बिना अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त के नहीं मनाया जाता।”
उन्होंने उदाहरण देते हुए हाल ही में पेठिया स्थित मदरसे से 20 लाख रुपये के नकली नोटों की बरामदगी और एक मौलाना की गिरफ्तारी का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं स्पष्ट संकेत हैं कि जिले में मजबूत पुलिस संरचना की आवश्यकता है।
“जमीन उपलब्ध — अब निर्णय जरूरी”
विधायक तनवे ने जानकारी दी कि खंडवा में पुलिस बटालियन के लिए भूमि पहले से ही आरक्षित है, इसलिए प्रशासन को अब केवल निर्णय लेना बाकी है।
साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस बटालियन और निमाड़ संभाग खरगोन भेजे जाने की चर्चा चल रही है। जिस पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा—
“अगर ऐसा हुआ तो खंडवा का प्रशासनिक विकास बाधित होगा और जिले का अधिकार छिन जाएगा।”
मंत्रियों का भी मिला समर्थन
विधानसभा में प्रस्तुत मांग को प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री विजय शाह का भी समर्थन मिला है।
विधायक तनवे ने कहा—
“हमें उम्मीद है कि जल्द ही खंडवा को पुलिस बटालियन और निमाड़ संभाग की सौगात मिलेगी। यह केवल मांग नहीं, जिले की आवश्यकता है।”
















